Crime

खड़े वाहनों से डीज़ल चोरी करते युवक गिरफ्तार

संतोष दीवान- 8319498938

कोरबा(CGNEWS365.COM)/ 08 मार्च 2022- कुसमुंडा क्षेत्र में खदान की सुरक्षा में कड़ाई होने पर डीजल चोर अब सड़क किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी कर रहे हैं। ऐसी जानकारी मिलने पर कुसमुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर ने मुखबिर लगाकर रखा था। रविवार रात मुखबिर से सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से डीजल चोरी कर लाल रंग के जायलो वाहून में लेकर जाने की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने बलौदा-पंतारो मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान ग्राम बाता के पास जायलो सीजी-13-सी-7773 को रोका गया। पुलिस टीम को देखकर उसमें सवार डीजल चोर भागने लगे। इनमें से एक युवक अरविंद खुंटे निवासी खिसोरा (बलौदा) को पकड़ा। वाहन की जांच करने पर उसमें 35 लीटर वाले 4 जेरीकन में 140 लीटर डीजल कीमती करीब 13 हजार रुपए जब्त किया गया। उक्त डीजल परिवहन संबंधी कागजात नहीं होने पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसके फरार साथियों की पतासाजी की जा रही है।