govthigh paid adsLatest Newsmiddle position adsmy adsUncategorized

जशपुर कांग्रेस विवाद पर विपक्ष का वार : भाजपा बोली- हिंसक हो गया कांग्रेस का अंतरकलह, ढाई-ढाई साल पर फैसला नहीं तो गैंगवार हो सकता है

विधानसभा चुनाव आते-आते विपक्ष को एक के बाद एक हमले के मौके मिल रहे हैं।

जशपुर कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में हुई सिर फुटव्वल ने विपक्ष को बड़ा मौका दे दिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने कहा, कांग्रेस और प्रदेश सरकार में चल रही अंतरकलह का अब सार्वजनिक और हिंसक हो गया है। यह प्रदेश की राजनीति का सबसे काला अध्याय है। अनुराग ने कहा, इससे प्रदेश का राजनीतिक सौहार्द्र खत्म हो जाएगा। अगर ढाई-ढाई साल के करार पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो दोनों गुटों के बीच गैंगवार हो सकता है।

भाजपा प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने कहा, कांग्रेस का सत्ता-संघर्ष अब जिस मुकाम पर जाता नजर आ रहा है वह प्रदेश के राजनीतिक सौहार्द्र को खत्म करने वाला है। यह प्रदेश की राजनीति को गैंगवार की शक्ल भी देने वाला है। अनुराग ने कहा, प्रदेश में एक तो कानून-व्यवस्था का यूं ही सत्यानाश हुआ पड़ा है, अब सत्तारूढ़ दल का यह कोहराम प्रदेश के भविष्य को अंधी गली में ढकेल देगा। उन्होंने कहा, राष्ट्रीय पदाधिकारी के सामने कांग्रेस के लोग जिस तरह का शर्मनाक नजारा पेश कर रहे हैं, अनुमान लगाया जा सकता है कि बाकी समय कांग्रेस के लोग आपस में क्या करते होंगे?

अनुराग सिंहदेव ने कहा, ढाई-ढाई साल के मसले पर कोई ठोस निर्णय न सुनाकर प्रदेश को राजनीतिक अस्थिरता के भंवर में धकेलने के लिए कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व अपनी दुविधाग्रस्त मानसिकता का ही परिचय दे रहा है। छत्तीसगढ़ में विपक्ष के साथ-साथ अब कांग्रेस के एक खेमे के लोग भी राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार हो रहे हैं। अनुराग ने आशंका जताई कि यदि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने ढाई-ढाई साल के मसले पर ठोस निर्णय तत्काल नहीं लिया तो प्रदेश का सत्तारूढ़ दल खेमों में बंटकर गैंगवार के हालात पैदा कर देगा। दूसरी ओर राजनीतिक अस्थिरता का फायदा उठाकर नौकरशाही मनमानी पर उतर आएगी। इससे पहले से ही ठप पड़े प्रदेश का विकास पूरी तरह ठप पड़ जाएगा।

क्या हुआ है कांग्रेस के भीतर

रविवार को जशपुर में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित था। इसमें पूर्व जिला अध्यक्ष और माध्यमिक शिक्षा मंडल के सदस्य पवन अग्रवाल भाषण दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत में टीएस सिंहदेव के योगदान की बात की। उनकी बात अभी पूरी भी नहीं हो पाई थी कि जशपुर कांग्रेस जिला अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इफ्तिखार हसन ने मंच पर पहुंचकर उनसे माइक छीन लिया। इस प्रक्रिया में पवन अग्रवाल को धक्का मारा गया। थप्पड़ लगाए गए।